Home Featured दरभंगा में बनेगा स्पेस गैलरी और इनोवेशन सेंटर, इसरो की टीम जल्द करेगी स्थल निरीक्षण।
Featured - मुख्य - 22 hours ago

दरभंगा में बनेगा स्पेस गैलरी और इनोवेशन सेंटर, इसरो की टीम जल्द करेगी स्थल निरीक्षण।

दरभंगा: मिथिला क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, स्पेस टेक्नोलॉजी, अनुसंधान एवं नवाचार से जोड़ने की दिशा में पहल तेज हो गई है। दरभंगा में प्रस्तावित स्पेस गैलरी एवं इनोवेशन सेंटर की स्थापना को लेकर स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने गुरुवार को बेंगलुरु में इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रस्तावित केंद्र की अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई।

Advertisement

सांसद ने बताया कि बैठक में स्पेस गैलरी एवं अनुसंधान केंद्र के इसरो के नोडल अधिकारी सह परियोजना निदेशक आलोक कुमार, महाप्रबंधक चंद्रशेखर प्रसाद, वरिष्ठ निदेशक जी. हरिकृष्ण सहित अन्य वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्र की स्थापना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं अन्य पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

डॉ. ठाकुर के अनुसार, इसरो की विशेषज्ञ टीम शीघ्र ही दरभंगा पहुंचेगी और प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेगी। टीम केंद्र की स्थापना से संबंधित आवश्यक पहलुओं का जायजा लेने के साथ संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा भी करेगी। इससे दरभंगा में स्पेस गैलरी एवं इनोवेशन सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक के बाद सांसद ने बेंगलुरु स्थित इसरो के सैटेलाइट इंटीग्रेशन एंड टेस्ट एस्टेब्लिशमेंट सेंटर का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं और उपकरणों का अवलोकन किया। वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन से जुड़े उपकरणों और तकनीकी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

सांसद ने कहा कि दरभंगा में अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र की स्थापना की पहल मिथिला के विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, स्पेस टेक्नोलॉजी, अनुसंधान एवं नवाचार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयास से दरभंगा को शिक्षा एवं संस्कृति के साथ विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा में अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र की स्थापना को लेकर उन्होंने पूर्व में संबंधित विभाग को पत्र के माध्यम से प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने का आग्रह किया था। इसके बाद दरभंगा में अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र की शाखा की स्थापना की दिशा में मंजूरी मिली। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों और अधिकारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से मिथिला के युवाओं को आधुनिक विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि दरभंगा से अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा और मिथिला की धरती विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार के अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

बैठक एवं भ्रमण के दौरान असम के सांसद कामाख्या प्रसाद सिंह सहित इसरो के वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share