
आरओबी निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, सर्विस रोड को रखें मोटरेबल : डीएम।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिले में निर्माणाधीन विभिन्न रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित कार्यकारी एजेंसियों, अभियंताओं और संवेदकों के साथ परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्य, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आरओबी परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्माणाधीन सर्विस रोड को हर स्थिति में मोटरेबल रखा जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पंडासराय गुमटी आरओबी पर विशेष निर्देश
एलसी-18 पंडासराय गुमटी आरओबी की समीक्षा में बताया गया कि रेलवे भाग का स्ट्रक्चरल डिजाइन और ड्राइंग स्वीकृत हो चुकी है। अब रेलवे हिस्से का निर्माण शुरू करने के लिए एलसी डायवर्सन आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने एप्रोच रोड और गेट लॉस्ट का निर्माण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित एजेंसी को सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
चट्टी चौक आरओबी में भू-अर्जन की बाधाएं दूर करने का निर्देश
एलसी-21 चट्टी चौक आरओबी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अंचलाधिकारी और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भू-अर्जन, अतिक्रमण एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदक को सुपर स्ट्रक्चर और नाला निर्माण को प्राथमिकता देने तथा रेलवे कार्य से पहले टेस्ट पाइल के लिए आवश्यक भूमि चिन्हित कर कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा।
कागवा गुमटी और दिल्ली मोड़ आरओबी पर भी जोर
कागवा गुमटी आरओबी के संबंध में बताया गया कि भू-अर्जन और अन्य आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं। जिलाधिकारी ने वायाडक्ट निर्माण कार्य में तेजी लाने और रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर शेष अनुमोदन शीघ्र प्राप्त करने का निर्देश दिया।
वहीं, दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा नाला निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, संबंधित विभागों के अभियंता एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

