
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटे गंभीर घायल; इलाज के दौरान बेटे की मौत।
दरभंगा: जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान फेकला थाना क्षेत्र के प्रेम जीवड़ गांव निवासी सत्तो ठाकुर के करीब 32 वर्षीय पुत्र बैजु कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बैजु कुमार ठाकुर अपनी मां के साथ किसी काम से समस्तीपुर गए थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिशनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बैजु कुमार ठाकुर ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी मां का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन डीएमसीएच पहुंच गए। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


