Home Featured लहेरियासराय स्टेशन पर नमो भारत रैपिड ट्रेन का ठहराव शुरू, सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी।
Featured - मुख्य - 13 hours ago

लहेरियासराय स्टेशन पर नमो भारत रैपिड ट्रेन का ठहराव शुरू, सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी।

दरभंगा: लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड रेल के ठहराव की शुरुआत शुक्रवार, 2 अक्टूबर से हो गई। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आयोजित कार्यक्रम में दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव की शुरुआत की। रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 94803/94804 को लहेरियासराय में दोनों दिशाओं में दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने ट्रेन के चालक और गार्ड को मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, समस्तीपुर रेल मंडल के एडीआरएम समेत रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन पर नमो भारत रैपिड ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके शुरू होने से दरभंगा के दक्षिणी क्षेत्र और आसपास के गांवों के यात्रियों को पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खासकर छात्र-छात्राओं तथा हाईकोर्ट, सचिवालय और अन्य संस्थानों में काम करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी।

उन्होंने कहा कि लहेरियासराय स्टेशन से गुजरने वाली अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए भी पहल की जा रही है। उनके अनुसार, क्षेत्र के लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की मांगों के आधार पर उन्होंने रेल मंत्री, हाजीपुर स्थित रेलवे अधिकारियों तथा समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को उठाया।

क्या है नमो भारत का नया ठहराव

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 94803 जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड रेल सुबह 6:28 बजे लहेरियासराय पहुंचेगी और 6:30 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 94804 पटना-जयनगर रात 9:38 बजे लहेरियासराय पहुंचेगी और 9:40 बजे रवाना होगी।

लहेरियासराय स्टेशन पर अगले चरण में 5 अक्टूबर से जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का भी ठहराव शुरू होना है। इस ट्रेन को भी दोनों दिशाओं में दो मिनट का ठहराव दिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने दरभंगा और मिथिला क्षेत्र में रेलवे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने दरभंगा, लहेरियासराय और सकरी स्टेशनों के आधुनिकीकरण, शहर में रेलवे ओवरब्रिज समेत अन्य परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी में विस्तार हो रहा है।

राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने लहेरियासराय में नमो भारत ट्रेन के ठहराव की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर तथा रेल मंत्रालय के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकारी जिलाध्यक्ष अभयानंद झा, सुजीत मल्लिक, नथुनी पासवान, राजू पासवान, सपना भारती, मीरा देवी, ज्योतिर्कृष्ण, लवली, मुकुंद चौधरी, प्रेम कुमार मिश्र, रिंकू, विकास चौधरी, भावना पासवान, पप्पू राय, विद्यासागर यादव, प्रमोद चौधरी, कन्हैया पासवान, तनवीर हसन, आशुतोष झा, संजीव साह सहित अन्य मौजूद रहे।

Share