
विज्ञान, कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा।
दरभंगा: महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, बंगाली टोला, लहेरियासराय में शनिवार को विज्ञान, कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के शैक्षणिक डीन डॉ. शशि भूषण तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार उपस्थित थे। समारोह को बेनीपुर के प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुन्द कुमार राय ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों को पाग-दोपटा एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न कार्यशील मॉडल, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक तकनीक, कला और हस्तशिल्प से संबंधित आकर्षक परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक विनय कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होते हैं। मुख्य अतिथि डॉ. शशि भूषण ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक एवं अनुसंधानपरक सोच विकसित करना भी है। वहीं, डॉ. दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने और निरंतर प्रयोग एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया।
प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुन्द कुमार राय ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के चेयरमैन हीरा कुमार झा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं व्यावहारिक प्रतिभा को निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। प्राचार्या श्रवाणी शिखा ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने, आत्मविश्वास के साथ प्रतिभा प्रदर्शित करने और टीम भावना से कार्य करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा आर्या सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरीय शिक्षक राज किशोर झा ने किया। अंत में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। प्रदर्शनी विद्यार्थियों की मेहनत, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता का परिचायक बनी।

