
मेला दिखाने के बहाने घर से ले गए 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप।
दरभंगा: केवटी थाना क्षेत्र के कोयलास्थान गांव में शुक्रवार की रात मेला दिखाने के बहाने घर से ले जाए गए 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कोयलास्थान गांव निवासी राम विनोद यादव के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता राम विनोद यादव ने गांव के ही 17 वर्षीय ऋषभ कुमार समेत कुछ अन्य युवकों पर सुमन के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बच्चों के बीच आपसी हंसी-मजाक के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पिता के अनुसार, शुक्रवार रात सुमन घर पर था। इसी दौरान ऋषभ कुमार उसके घर पहुंचा और मेला दिखाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। काफी देर तक सुमन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और परिचितों के यहां खोजबीन के दौरान घर से करीब 100 मीटर पश्चिम चंदन साइबर के समीप सुमन मृत अवस्था में मिला।
परिजन आनन-फानन में उसे लेकर डीएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तीन-चार अन्य लड़कों की मौजूदगी की बात
केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों के बीच आपसी हंसी-मजाक के दौरान विवाद हुआ था। घटना के समय तीन-चार अन्य लड़कों के भी मौजूद रहने की बात सामने आई है। मृतक समेत घटना में शामिल बताए जा रहे युवक नाबालिग हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और किन परिस्थितियों में सुमन की मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व विवाद का भी जिक्र
इधर, मृतक के पिता ने गांव के कुछ लोगों से पूर्व में विवाद होने की बात कही है। उनका आरोप है कि इसी विवाद को लेकर ऋषभ कुमार समेत अन्य लोगों ने सुमन के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। पुलिस घटना के दौरान मौजूद अन्य लड़कों से पूछताछ और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच कर सकती है।
सुमन सदर थाना क्षेत्र के रामकृष्ण विद्यापीठ वासुदेवपुर स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। शुक्रवार की रात मेला देखने के लिए घर से निकले सुमन की मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार सदमे में है।
फिलहाल पुलिस हत्या, आपसी विवाद या अन्य किसी परिस्थिति में हुई मौत की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित आवेदन के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

