
ससुराल में बेटे से मिलने गई महिला की संदिग्ध मौत, पति व परिजन फरार।
दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गनौन गांव में रविवार को एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका प्रकाश यादव की पत्नी आशा देवी (35) थीं। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आशा देवी की शादी के कुछ समय बाद से ही पति के साथ तनाव शुरू हो गया था। आरोप है कि प्रकाश यादव उन्हें नियमित मारपीट करता था। कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन स्थिति सुधरी नहीं। करीब एक साल पहले मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया और छह वर्षीय बेटे अंकित कुमार यादव को अपने पास रख लिया। उसके बाद आशा देवी मायके बाउर गांव में रह रही थीं।

रविवार को बेटे से मिलने ससुराल गईं आशा देवी की कथित हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पति प्रकाश यादव और परिजनों ने मिलकर बेरहमी से उनकी हत्या की। घटना के बाद विकलांग सास को छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए। मासूम अंकित अपनी मां को याद कर रो रहा है और बार-बार कह रहा है, “मेरी मां को पापा, दादा-दादी ने मार दिया।

घटना की सूचना पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। एसडीपीओ तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। मृतका के ससुर सिंघेश्वर यादव को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

