
बटाईदार किसानों को खाद के लिए मिलेगी लॉगिन आईडी, भूमि विवरण दर्ज करना होगा आसान।
पटना: राज्य में उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कृषि विभाग ने सॉफ्टवेयर में बदलाव किया है। अब किसान लॉगिन आईडी के माध्यम से अपनी भूमि का विवरण दर्ज कर उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। नई व्यवस्था से खासकर बटाई पर खेती करने वाले किसानों को राहत मिलेगी। उन्हें खाद लेने के लिए खेत के वास्तविक मालिक का विवरण देने की अनिवार्यता से छुटकारा मिलेगा।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि उर्वरक की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स के सॉफ्टवेयर में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने में हो रही परेशानियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
दरअसल, नवंबर के प्रथम सप्ताह से मोबाइल नंबर के माध्यम से भूमि सत्यापन अनिवार्य किए जाने के बाद बड़ी संख्या में किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। राज्य के विभिन्न जिलों से किसानों और उर्वरक विक्रेताओं ने इस संबंध में विभाग को शिकायतें भेजी थीं। इसके बाद जिला और प्रखंड स्तर पर मिली समस्याओं की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार का निर्णय लिया गया।
विभाग ने तकनीकी सुधार होने तक पूर्व की व्यवस्था बहाल करने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत टियर-2 यानी वंशावली के आधार पर और टियर-3 यानी बटाईदार श्रेणी में प्राप्त आवेदनों पर सीधे क्यूआर कोड जनरेट करने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव किया गया है। इससे किसानों को उर्वरक की बुकिंग में सहूलियत होगी।
इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
उर्वरक की उपलब्धता और इससे संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए किसान विभाग के व्हाट्सएप नंबर 7766085888 और किसान हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं।

