
कोरेक्स के नशे में बाइक सवार ने दो जगह की थी फायरिंग, मुख्य आरोपी और हथियार सप्लायर गिरफ्तार।
दरभंगा: दरभंगा सदर अनुमंडल क्षेत्र में 29 जुलाई 2026 की रात हाईवे पर मोटरसाइकिल सवार द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर की गई गोलीबारी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिया है।
प्रभारी सदर एसडीपीओ एस. के. सुमन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने हाईवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की थी। इस घटना में दो लोग घायल हुए थे। पहली गोलीबारी रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप, जबकि दूसरी घटना कंसी मोड़ के पास हुई थी।

मामले को लेकर संबंधित थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। मब्बी थाना में कांड संख्या 108/26 तथा सिमरी थाना में कांड संख्या 155/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के रामपुरा निवासी राजाराम महतो के पुत्र ऋषिकेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान ऋषिकेश ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार उसे कमतौल थानाक्षेत्र के मंगरथु निवासी चुलाई महतो के पुत्र मनीष कुमार महतो ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार महतो को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया है।
हथियार बरामदगी के संबंध में कमतौल थाना में दिनांक 5 अगस्त 2026 को कांड संख्या 244/26 दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह कोरेक्स के अत्यधिक नशे में था। रास्ते में साइड देने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने गोलीबारी की थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ऋषिकेश कुमार महतो का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2023 में सिंहवाड़ा थाना कांड संख्या 169/23 के हत्या मामले में जेल अथवा बाल सुधार गृह जा चुका है। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी मनीष कुमार महतो भी उक्त गैंग का प्रमुख व्यक्ति रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

