Home Featured दो दिनों से लापता युवक का नाले में मिला शव, भतीजी की शादी वाले दिन घर में पसरा मातम

दो दिनों से लापता युवक का नाले में मिला शव, भतीजी की शादी वाले दिन घर में पसरा मातम

दरभंगा: नगर थाना क्षेत्र के लालबाग जटीहाई, वार्ड नंबर-20 निवासी नजरे आलम (32) का शव गुरुवार की सुबह प्लस टू मारवाड़ी हाई स्कूल जाने वाले रास्ते में एक नाले से बरामद किया गया। दो दिनों से लापता नजरे आलम का शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, घर में भतीजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। गुरुवार को ही शादी होनी थी, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

बताया जाता है कि नजरे आलम दो दिन पूर्व घर का सामान लाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने नगर थाने में आवेदन देकर उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी थी।

गुरुवार की सुबह स्कूल जाने वाले रास्ते के पास नाले में उनका शव मिलने की सूचना पर नगर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को नाले से बाहर निकालकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। इस दौरान मृतक के हाथ में मिर्च पाउडर का एक छोटा पैकेट भी मिला।

वार्ड संख्या-10 के पार्षद प्रतिनिधि डॉ. जमाल हसन ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि महज दो से ढाई फीट गहरे नाले में शव का मिलना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।

नजरे आलम शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share