
लाश दरभंगा में मिली, घर मुजफ्फरपुर में बंद; किशोरी की मौत पर उठे सवाल ।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र में 23 सितंबर को सड़क किनारे खेत से मिली 16 वर्षीय किशोरी की लाश के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के टेकवारा गांव निवासी किशोरी के रूप में हुई है। पहचान के बाद पुलिस उसके परिजनों की भूमिका और कथित ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच कर रही है। घटना के बाद से किशोरी के पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों के घर से फरार होने की बात सामने आई है।
मालपट्टी-हरिहरपुर मार्ग पर सिसवनी के सुनसान इलाके में 23 सितंबर को सड़क किनारे खेत से किशोरी का शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण शव को डीएमसीएच में सुरक्षित रखा गया था। कमतौल पुलिस ने मृतका की तस्वीर आसपास के थानों में साझा करने के साथ गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटानी शुरू की। करीब 10 दिन बाद तकनीकी और अन्य माध्यमों से शव की पहचान हुई।
पहचान के बाद पुलिस जजुआर थाना क्षेत्र के टेकवारा गांव पहुंची, जहां किशोरी का घर बंद मिला। पुलिस के अनुसार, उसके पिता समेत परिवार के सदस्य घटना के बाद से फरार हैं। जजुआर थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा ने बताया कि किशोरी की हत्या में परिजनों की भूमिका के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। परिजनों के फरार होने के कारण पुलिस ऑनर किलिंग की आशंका को भी जांच में शामिल कर रही है।
गले पर मिला यू-शेप का निशान
कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के अनुसार, शव की स्थिति से किशोरी के साथ मारपीट किए जाने की आशंका है। उसके नाक और मुंह से खून निकला था। वहीं, गले पर यू-शेप में पतला काला निशान मिला है। इससे किसी तार या पतली वस्तु से गला घोंटे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस को किशोरी के कथित प्रेम-प्रसंग की जानकारी भी मिली है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण या किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
दो किलोमीटर तक नहीं है कोई घर
शव मिलने की सूचना पर कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी और एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन घटनास्थल पर पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए।
एसडीपीओ के अनुसार, शव मिलने वाले स्थान के करीब दो किलोमीटर उत्तर और दक्षिण दिशा में कोई घर नहीं है। शाम छह बजे के बाद सड़क पर आवाजाही भी काफी कम हो जाती है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी की हत्या कहां की गई और शव को मालपट्टी-हरिहरपुर मार्ग के सुनसान हिस्से में किसने लाकर फेंका।
फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस फरार परिजनों की तलाश कर रही है। हत्या की वजह, कथित प्रेम-प्रसंग, परिजनों की भूमिका और शव को मुजफ्फरपुर से दरभंगा लाए जाने की आशंका समेत सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

