Home Featured मंडलकारा में बंद विचाराधीन कैदी के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप, परिजनों ने अधिकारियों से लगाई गुहार।

मंडलकारा में बंद विचाराधीन कैदी के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप, परिजनों ने अधिकारियों से लगाई गुहार।

दरभंगा: जिले के गोढ़ियारी गांव निवासी रेणु देवी ने वरीय पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी सहित विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को आवेदन देकर मंडलकारा में बंद अपने पुत्र रौनक सिंह के साथ जेल प्रशासन द्वारा कथित रूप से बर्बरतापूर्ण मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।

Advertisement

पीड़ित की माँ रेणु देवी ने अपने आवेदन में कहा है कि उनका पुत्र रौनक सिंह वर्तमान में दरभंगा मंडलकारा में बंद है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 22 मई 2026 की रात करीब 11 बजे जेल परिसर स्थित गुमटी पर ले जाकर जेल अधीक्षक एवंउपाधीक्षक समेत कई पुलिसकर्मियों और सिपाहियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आवेदन में विशाल कुमार, मृत्युंजय कुमार, सुनील यादव, मुन्ना ठाकुर, ब्रजेश कुमार, अजय कुमार, विकास सिंह, उदय राम, उदय ठाकुर और लालबाबू हवलदार सहित अन्य कर्मियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं।

Advertisement

परिजनों का आरोप है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि रौनक सिंह बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे दूसरी सेल में बंद कर दिया गया। बताया गया है कि जेल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया।

Advertisement

रेणु देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि जेल उपाधीक्षक द्वारा लहेरियासराय थाना कांड संख्या 288/26 के तहत एक झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और तब से लगातार उनके पुत्र के साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य बंदियों और लोगों से सूचना मिली है कि रौनक सिंह की हालत इतनी खराब है कि वह स्वयं से दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहा है।

Advertisement

आवेदन में यह भी कहा गया है कि जेल कर्मियों पर लगाए गए हमले के आरोप की सच्चाई सीसीटीवी फुटेज की जांच से सामने आ सकती है। परिजनों ने आशंका जताई है कि नामजद लोग उनके पुत्र की हत्या की साजिश रच रहे हैं।

Advertisement

पीड़िता ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा रौनक सिंह के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Share