Home Featured किरतपुर में लगा जिले का पहला पशु स्वास्थ्य शिविर, 600 से अधिक पशुओं की हुई निःशुल्क जांच।

किरतपुर में लगा जिले का पहला पशु स्वास्थ्य शिविर, 600 से अधिक पशुओं की हुई निःशुल्क जांच।

दरभंगा: जिले के किरतपुर प्रखंड के नीमा स्थित सामुदायिक भवन में मंगलवार को एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, जिले में इस तरह का यह पहला पशु स्वास्थ्य शिविर था। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया और अपने पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई।

शिविर में कुल 251 पशुपालकों ने पंजीकरण कराया, जबकि 600 से अधिक पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद पशुपालकों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम का उद्घाटन बीपीएम कृष्णदेव ठाकुर, संचार प्रबंधक राजा सागर, पशु चिकित्सक रोजी, कमला संकुल संघ की सचिव गीता देवी एवं कोषाध्यक्ष कुमोद देवी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर बीपीएम कृष्णदेव ठाकुर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पशुओं की संख्या अधिक है और पशु स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, वहां इस तरह के शिविर आयोजित कर पशुपालकों को स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

शिविर में पशुओं के लिए कृमिनाशक, सर्दी-बुखार, डायरिया, भूख बढ़ाने वाली दवा, मिनरल्स, हिमालय बतीसा, मल्टीविटामिन सहित विभिन्न प्रकार की औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।

संचार प्रबंधक राजा सागर ने कहा कि दरभंगा जिले में कृषि के बाद पशुपालन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में पशुओं का बेहतर स्वास्थ्य पशुपालक परिवारों की आय और आजीविका से सीधे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से पशुओं में होने वाली बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव है।

उन्होंने बताया कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य से मृत्यु दर में कमी लाने, बांझपन जैसी समस्याओं के समाधान और पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इससे दूध, मांस एवं अन्य पशु उत्पादों के माध्यम से पशुपालक परिवारों की आय बढ़ने की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का विशेष लाभ महिला किसानों और छोटे पशुपालकों को मिलता है।

कमला संकुल संघ की दीदियों ने शिविर के आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि जीविका की ओर से आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों से पंचायत क्षेत्र के पशुपालकों को काफी लाभ मिला है। उन्होंने पंचायत के अन्य क्षेत्रों में भी भविष्य में इसी प्रकार के पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।

शिविर को सफल बनाने में जीविका कर्मी शारदानंद झा, दुर्गानंद कुमार सिंह, सुमित सौरभ, अम्बोद, आशीष, कैडर अजित, मो. मंसूरी आलम, नीलम देवी सहित अन्य कैडरों का विशेष सहयोग रहा। शिविर में पहुंचे पशुपालक अपने पशुओं की स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा मिलने से प्रसन्न नजर आए।

Share