
चोरी की पिकअप से भैंस चोरी का खेल: पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, पिकअप जब्त।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पशु चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक पिकअप वाहन भी बरामद हुआ है, जो जांच में खुद चोरी का निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मब्बी थाना क्षेत्र के मखनाही गांव के वार्ड-5 निवासी गौरव कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की पिकअप से भैंस चोरी करता था और उसे दूसरे स्थान पर ले जाकर बेच देता था।
एक भैंस की चोरी से खुला पूरा मामला
मिल्की गांव की रहने वाली भरत यादव की पत्नी सुनीता देवी ने 23 अगस्त को कमतौल थाने में भैंस चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 21 अगस्त की रात घर के पास बने कमरे में बंधी उनकी भैंस गायब हो गई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई और तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान भैंस को पिकअप से ले जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों की जांच करते हुए गौरव कुमार पासवान को पिकअप के साथ पकड़ लिया।
जिस गाड़ी से चोरी, वह भी निकली चोरी की
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से BR-06-GE-4470 नंबर की पिकअप बरामद की। जब वाहन का सत्यापन किया गया तो पता चला कि यह पिकअप भी चोरी की है। इस संबंध में कमतौल थाना में कांड संख्या 215/26 दर्ज है।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के अनुसार, आरोपी चोरी की पिकअप का इस्तेमाल भैंसों को चोरी कर दूसरे स्थानों पर पहुंचाने और बेचने में करता था। पुलिस अब उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पूछताछ के बाद जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर गौरव कुमार पासवान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान के साथ-साथ जिले में पहले हुई भैंस चोरी की घटनाओं से इसके कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

