
युवाओं के कौशल विकास को सरकार की बड़ी सौगात, अब सरकारी संस्थानों से मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण।
सोलर, ड्रोन, आईटी और डिजिटल मार्केटिंग समेत रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण से बढ़ेंगे युवाओं के अवसर।
दरभंगा: कुशल युवा कार्यक्रम के संचालन को लेकर कुछ केंद्र संचालकों द्वारा भ्रम की स्थिति पैदा किए जाने के बीच युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार अब कुशल युवा कार्यक्रम का संचालन सरकारी संस्थानों की उपलब्ध आधारभूत संरचना और संसाधनों के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), प्रखंड कौशल विकास केंद्रों, प्रखंड स्तरीय राजकीय महाविद्यालयों तथा अन्य सरकारी संस्थानों से किया जाएगा।
विभाग का उद्देश्य बिहार के युवाओं को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों और बाजार में मांग के अनुरूप आधुनिक एवं रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण देना है। इसके लिए नई तकनीक और रोजगार की अधिक संभावनाओं वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
युवाओं को सोलर तकनीक, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, मल्टी-स्किल्ड वर्कर, लैब टेक्नीशियन, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी), ब्यूटी एवं वेलनेस, बेकरी, इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी और डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली, विदेशी भाषा और उद्यमिता से जुड़े प्रशिक्षण भी कार्यक्रम में शामिल किए जाएंगे।
विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण से युवाओं को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप दक्षता हासिल करने और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
पूर्व केंद्र संचालकों को चयन में प्राथमिकता
विभाग के अनुसार, पूर्व में नवीनीकरण योग्य पाए गए कौशल विकास केंद्रों के संचालकों और एजेंसियों को चयन की पात्रता निर्धारित करने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।
रोजगार के साथ उद्यमिता पर जोर
कुशल युवा कार्यक्रम के तहत युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा नौकरी हासिल करने के साथ अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकेंगे और अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकेंगे।
विभाग का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

