Home Featured शादी की खुशियां मातम में बदलीं, चाकू से गोदकर 22 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, चाकू से गोदकर 22 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या।

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में शादी की खुशियों के बीच उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी वाले घर के समीप अहले सुबह 22 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी जैनुद्दीन अली के पुत्र मोहम्मद दिलशाद के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि मोहम्मद दिलशाद अली गांव के ही आरिफ की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। शादी समारोह के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन अहले सुबह शादी वाले घर के समीप उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

Advertisement

मृतक के शरीर पर चाकू से हमले के कई गहरे निशान मिले हैं। उसके चेहरे पर भी चाकू से वार किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं। सिर पर गंभीर चोट के निशान भी पाए गए हैं। घटनास्थल के समीप स्थित चापाकल का हत्था खुला हुआ मिला है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने चापाकल के हत्थे से सिर पर वार कर युवक की बेरहमी से पिटाई की और बाद में चाकू से हमला किया।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।

Advertisement

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा घटना में शामिल संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

शादी समारोह के बीच युवक की निर्मम हत्या से देवरी गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Share