Home Featured रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में दो की मौत, शिक्षक बनने का सपना लेकर निकले राजीव की भी गई जान।

रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में दो की मौत, शिक्षक बनने का सपना लेकर निकले राजीव की भी गई जान।

दरभंगा: जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित खरथुआ मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल बाइक सवार बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के दुबौली के समीप हुई, जहां कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की ठोकर से बुजुर्ग की मौत
सदर थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित खरथुआ मोड़ के निकट मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक की पहचान केवटी थाना क्षेत्र के मझिगामा निवासी स्वर्गीय शिवजी ठाकुर के पुत्र ध्रुव ठाकुर (61) के रूप में हुई है। वह कारपेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक के भतीजे गोविंद कुमार के अनुसार, ध्रुव ठाकुर किसी काम से बाइक से सकरी गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान खरथुआ मोड़ के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया और बुजुर्ग गंभीर हालत में सड़क पर पड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक को दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें छोटा पुत्र अविवाहित है।

कार-बाइक की टक्कर में बीपीएससी अभ्यर्थी की मौत
दूसरी घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के लहेरियासराय जाने वाली मुख्य सड़क पर दुबौली गांव के समीप हुई। यहां मंगलवार को बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 23 वर्षीय राजीव कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रिंस कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान दुबौली गांव निवासी प्रेमलाल मंडल के पुत्र राजीव कुमार के रूप में हुई है। घायल प्रिंस कुमार पबड़ा गांव निवासी महेंद्र मंडल का पुत्र है। दोनों दोस्त एक ही बाइक से बहेड़ी बाजार स्थित लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गए थे। पढ़ाई खत्म करने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुबौली के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। दुर्घटनाग्रस्त केटीएम बाइक प्रिंस कुमार की बताई गई है।

पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को डीएमसीएच पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद राजीव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर पटना जा रहे थे, लेकिन मंगलवार रात करीब 10 बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल प्रिंस का दरभंगा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सड़क जाम, कार जब्त; चालक फरार
दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
मृतक के पिता प्रेमलाल मंडल ने बताया कि हादसे में शामिल कार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिक्षक बनने का सपना रह गया अधूरा
राजीव कुमार बीपीएससी टीआरई-4 की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शिक्षक बनने और बेहतर भविष्य का सपना लेकर वह नियमित रूप से लाइब्रेरी में पढ़ाई करता था। मंगलवार को भी वह अपने दोस्त के साथ पढ़ने गया था, लेकिन घर लौटते समय हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोस्त प्रिंस के स्वास्थ्य को लेकर भी परिजन चिंतित हैं।

Share