
रील बनाने के शौक ने महिला को पहुंचाया जेल, हथियार का प्रदर्शन पड़ा महंगा।
दरभंगा: सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक महिला को भारी पड़ गया। कथित तौर पर हाथ में पिस्टल लेकर भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए बनाई गई रील वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने महिला के घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद करने का दावा किया है। महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामला दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, महिला ने भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए हाथ में पिस्टल लेकर वीडियो बनाया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद उसकी सत्यता और वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान की जांच शुरू की गई। बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर कुमार के मुताबिक, जांच के बाद महिला की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी के रूप में हुई।

इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला के घर पर छापेमारी की। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। हालांकि, पुराने मामले की प्रकृति और वर्तमान हथियार मामले से उसके संबंध की जांच की जा रही है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास पिस्टल कहां से आई और क्या इस हथियार का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में किया गया है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

