Home Featured जलेश्वर स्थान पर प्रस्तावित इको-पार्क: मंत्री ने स्थल निरीक्षण कर विकास कार्यों को दी स्वीकृति।

जलेश्वर स्थान पर प्रस्तावित इको-पार्क: मंत्री ने स्थल निरीक्षण कर विकास कार्यों को दी स्वीकृति।

दरभंगा: बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने गुरुवार को होरलपट्टी स्थित प्रसिद्ध जलेश्वर स्थान मंदिर परिसर का स्थल निरीक्षण कर परिसर के विकास के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण टीम में विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्री ने पार्क निर्माण, तालाब के जीर्णोद्धार और परिसर के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रतीकात्मक रूप से सिंदूर का पौधा रोपा। मंत्री ने कहा कि यह उनकी विधानसभा क्षेत्र में बनने वाला पहला ऐसा आधुनिक पार्क होगा जो ग्रामीण जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Advertisement

रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि पार्क निर्माण के साथ-साथ मंदिर परिसर और गंगासागर पोखर के जीर्णोद्धार से इस धार्मिक स्थल का सौंदर्य बढ़ेगा और पर्यटन की संभावनाओं को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांव में पहली बार इस प्रकार की आधुनिक सार्वजनिक सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण तथा बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी। मंत्री ने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने पर जलेश्वर स्थान मंदिर परिसर धार्मिक, पर्यावरणीय और पर्यटन के दृष्टिकोण से पूरे क्षेत्र की नई पहचान बनेगा।

विभागीय निदेशक ने बताया कि परियोजना के लिए लगभग 11 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराई गई है, जिस पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त इको-पार्क बनाया जाएगा। प्रस्तावित सुविधाओं में मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, गंगासागर पोखर का सौंदर्यीकरण, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, चिल्ड्रेन पार्क, वाहन पार्किंग, शुद्ध पेयजल व्यवस्था एवं भव्य मुख्य प्रवेश द्वार शामिल हैं।

Advertisement

स्थानीय निवासी रोशन कुमार ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पार्क बनने से क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी और दूर-दूर से लोग आएँगे, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक और सांस्कृतिक लाभ होंगे। मंत्री ने भी कहा कि सुशासन की सरकार में विकास कार्यों के लिए संसाधन और इच्छाशक्ति दोनों मौजूद हैं, और यहाँ जो भी आवश्यक विकास कार्य होंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

Share