
मंत्री ने की पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण और समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश।
दरभंगा: समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, जिला परिषद योजनाओं एवं मोक्ष धाम निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले की 308 पंचायतों में से 98 पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 154 भवन निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण विभाग को सभी स्वीकृत प्राक्कलनों की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले में 75 योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें 31 को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा जहां भूमि उपलब्ध नहीं है वहां शीघ्र भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 45,600 लाइट लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 44,537 लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जो लगभग 98 प्रतिशत लक्ष्य है। मंत्री ने खराब स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच एवं शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा बहेड़ी और कुशेश्वरस्थान प्रखंडों में शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बन चुके हैं वहां आरटीपीएस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए, सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो तथा पंचायत विकास दिवस में अधिक से अधिक जनभागीदारी बढ़ाई जाए।
दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल ने गौसाघाट एवं धोई घाट के बंद शवदाह गृहों को पुनः चालू करने तथा प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान और पुस्तकालय विकसित करने का सुझाव दिया।

