Home Featured दरभंगा में अंतरिक्ष विज्ञान की नई उड़ान, इसरो की टीम करेगी स्थलों का चयन।

दरभंगा में अंतरिक्ष विज्ञान की नई उड़ान, इसरो की टीम करेगी स्थलों का चयन।

दरभंगा: मिथिला में अंतरिक्ष विज्ञान और उच्च तकनीक से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में पहल तेज हुई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से जुड़ा केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं का आकलन करने के लिए एक उच्चस्तरीय तकनीकी टीम जल्द ही दरभंगा पहुंचेगी। टीम संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और कनेक्टिविटी का जायजा लेगी।

आपका सहयोग हमारी ताकत

इस संबंध में शुक्रवार को स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसरो के क्षमता निर्माण एवं जनसंपर्क कार्यालय के निदेशक की ओर से उन्हें पत्र प्राप्त हुआ है। सांसद के अनुसार, इसरो की तकनीकी टीम दरभंगा में विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण कर केंद्र की स्थापना से संबंधित पहलुओं का अध्ययन करेगी।

सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि पिछले महीने बेंगलुरु दौरे के दौरान उन्होंने इसरो मुख्यालय और अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण किया था। इस दौरान इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर मिथिला क्षेत्र में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने और अंतरिक्ष विज्ञान की पहुंच बढ़ाने के लिए ठोस पहल का आग्रह किया था। उन्होंने दरभंगा में इसरो से संबंधित केंद्र, नोडल सेंटर या स्पेस लैबोरेटरी स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार करने का प्रस्ताव भी रखा था, ताकि उत्तर बिहार के विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और संभावित स्थलों के बीच दूरी तथा आवागमन की सुविधा का आकलन करेगी। इसके साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे नेटवर्क से संपर्क की स्थिति की भी जांच की जाएगी। वैज्ञानिक उपकरणों और प्रयोगशालाओं के संचालन के लिए जरूरी पर्यावरणीय परिस्थितियों तथा आधारभूत संरचना की उपलब्धता का भी अध्ययन किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि दरभंगा में इसरो से जुड़ा केंद्र स्थापित होने से मिथिला के विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान एवं स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं। इससे क्षेत्र में वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान की संभावनाएं भी विकसित हो सकती हैं।

Share