Home Featured अंतिम संस्कार के दौरान पहुंची पुलिस, चिता से निकलवाया अधजला शव।

अंतिम संस्कार के दौरान पहुंची पुलिस, चिता से निकलवाया अधजला शव।

दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के कमलपुर घाट नवटोलिया में गुरुवार को एक युवक की मौत के बाद चल रहे अंतिम संस्कार को पुलिस ने रुकवा दिया। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचते ही अंतिम संस्कार में शामिल परिजन जलती चिता पर शव छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने चिता की आग बुझवाकर अधजले शव को बाहर निकलवाया।

मृतक की पहचान कमलपुर घाट नवटोलिया निवासी ब्रह्मदेव यादव के 27 वर्षीय पुत्र महेश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, परिजन घर के समीप कमला नदी किनारे उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान मृतक के ससुराल पक्ष की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग शव को चिता पर छोड़कर फरार हो गए।

मृतक के ससुर एवं बरुवार गांव निवासी रामवृक्ष यादव ने आरोप लगाया कि महेश के परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे महेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी आशा देवी पिछले दो महीने से अपने मायके में रह रही थी। दंपती की नौ माह की एक बच्ची भी है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर चिता की आग बुझवाई और अधजले शव को बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस छानबीन कर रही है।

Share