Home Featured दरभंगा में लापता तीनों नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद, सोनकी के पास बस से पुलिस ने किया रेस्क्यू।

दरभंगा में लापता तीनों नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद, सोनकी के पास बस से पुलिस ने किया रेस्क्यू।

एसएसपी ने सुराग देने वाले के लिए घोषित किया था 25 हजार रुपये का इनाम, बिरौल और सोनकी पुलिस की संयुक्त तत्परता से मिली सफलता।

दरभंगा : जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से लापता तीनों नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों को सोनकी के पास एक बस से सुरक्षित बरामद किया। बच्चियों की बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित सक्रियता और आपसी समन्वय की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गुप्त सूचना पर बस को रोककर किया रेस्क्यू।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लापता तीनों बच्चियां बस से बिरौल की ओर लौट रही हैं। सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस ने तत्काल सोनकी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सोनकी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित बस को रास्ते में रोक लिया और उसमें सवार तीनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने तीनों बच्चियों को अपनी सुरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिरौल थाना पहुंचाया।

एसएसपी ने घोषित किया था 25 हजार का इनाम।

तीनों नाबालिग बच्चियों के लापता होने का मामला गंभीर होने के कारण पुलिस प्रशासन लगातार उनकी तलाश में जुटा था। मामले में एसएसपी की ओर से बच्चियों के संबंध में सही सुराग या जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा भी की गई थी। पुलिस की लगातार छापेमारी और बढ़ती सक्रियता के बीच बच्चियों की सकुशल बरामदगी को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

लापता होने की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस।

तीनों बच्चियों की बरामदगी के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वे किन परिस्थितियों में लापता हुई थीं और इस दौरान कहां रह रही थीं। साथ ही उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बच्चियों से पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share