
देवस्थान में हरे पेड़ों की कटाई का विरोध, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं वन विभाग से लगाई गुहार।
दरभंगा: सिंहवाड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित ब्रह्मस्थान (देव स्थान) में हरे-भरे पेड़ों की कथित कटाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में जिलाधिकारी, नगर पंचायत प्रशासन, वन विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर पेड़ों की कटाई रोकने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से ब्रह्मस्थान परिसर में हरे पेड़ों की कटाई की जा रही है, जो न केवल पर्यावरण संरक्षण के सिद्धांतों के विरुद्ध है, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल की पवित्रता पर भी आघात है। उनका कहना है कि वर्षों से इस देव स्थान पर लगे पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का भी केंद्र रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी फोन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को दी है। इसके अलावा व्हाट्सएप पर आवेदन के साथ फोटो एवं वीडियो भी भेजे गए हैं। वहीं डाक एवं कार्यालय में भी लिखित आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है। ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई से संबंधित फोटो, वीडियो और जानकारी साझा कर प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप की अपील की है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ब्रह्मस्थान परिसर में लगे पेड़ों को काटकर सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य की तैयारी की जा रही है, जबकि आसपास सरकारी भूमि उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि देव स्थल की हरियाली को नष्ट करना पर्यावरण संरक्षण की भावना के विपरीत है तथा इससे धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही देव स्थान की हरियाली और पर्यावरण की रक्षा के लिए स्थायी उपाय किए जाएं।

