
ग्रामीणों की सजगता से चोरी का प्रयास विफल, आरोपी युवक रंगे हाथ धराया, कैंची और मोबाइल बरामद।
दरभंगा: गत माह लगातार हुई आपराधिक घटनाओं से दहशत में जी रहे बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहर गांव के ग्रामीणों की सजगता आखिरकार रंग लाई। सोमवार की देर रात ग्रामीणों ने चोरी के प्रयास को विफल करते हुए एक युवक को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जाता है कि सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे एक युवक घर के बाहर से साइकिल लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रात में रतजगा कर रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पकड़े गए युवक के पास से एक कैंची और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को बहादुरपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

स्थानीय युवा समाजसेवी नीरज क्रांतिकारी ने बताया कि गांव में पिछले महीने लगातार आपराधिक घटनाएं होने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल था। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में पहरा देना शुरू किया। ग्रामीणों की एकजुटता और सजगता के कारण ही सोमवार रात चोरी के प्रयास में एक युवक को पकड़ने में सफलता मिली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवक के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

