
मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, 9 मोबाइल बरामद, 4 आरोपी पकड़े।
दरभंगा: बिरौल पुलिस ने दरभंगा–जैतपुर थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार स्थित आदर्श मोबाइल दुकान में 14–15 अप्रैल की रात हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस मामले में कुल 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि दुकान संचालक अरविंद कुमार मिश्रा की ओर से 1 लाख 65 हजार रुपये नगद और 11 कीमती मोबाइल फोन चोरी होने की रिपोर्ट के आधार पर बिरौल थाना में कांड संख्या 213/26 दर्ज की गई थी। कांड उद्भेदन के लिए तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसके बाद छापेमारी कर चोरी के आरोपियों का पता लगाया गया।

पुलिस की कार्रवाई में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के रामपुर राउत गांव के एक 16 वर्षीय किशोर के पास से 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। उसकी निशानदेही पर उसी गांव के दो अन्य नाबालिगों के पास से 2 और 1 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी क्रम में 24 वर्षीय विपिन राम (पिता–जीवछ राम) को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। दो अन्य आरोपियों के घरों से भी 1–1 मोबाइल फोन बरामद हुए, हालांकि वे खुद फरार बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक कुल 9 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी चोरी हुए मोबाइलों की तलाश और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया है, लेकिन नगद राशि ले जाने से इनकार किया है, जबकि दुकानदार ने प्राथमिकी में नगदी व मोबाइल दोनों की चोरी का दावा किया है।
घटना के खुलासे के बाद दुकानदार अरविंद मिश्रा ने पुलिस की तत्परता पर संतोष व्यक्त किया। बाजार के अन्य व्यवसायियों ने भी पुलिस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए अन्य अपराधों पर निरंतर निगरानी की मांग की है।

