
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गृह जिले में भाजपा विधायक के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा MLC के पुत्र के घर हुई चोरी।
दरभंगा: लगता है चोरों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन के दावों को खुली चुनौती देने का मन बना लिया है। शायद यही कारण है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गृह जिले दरभंगा के केवटी विधानसभा क्षेत्र जहां भाजपा के वर्तमान विधायक मुरारी मोहन झा हैं, उसी क्षेत्र में भाजपा एमएलसी घनश्याम ठाकुर के पुत्र के घर मे चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

दरअसल, दरभंगा में चोरों ने 2 बंद घरों का निशाना बनाया है। कैश, ज्वेलरी समेत लाखों की चोरी हुई है। इनमें एक घर बीजेपी MLC घनश्याम ठाकुर के पुत्र भवतोष ठाकुर है, जबकि दूसरा घर उनके पड़ोसी जयप्रकाश राम उर्फ चुन्ना राम का है। घटना केवटी थाना क्षेत्र के कोयला स्थान पंचायत के बेहटावारा वार्ड संख्या-13 की है।
जानकारी के अनुसार, 22 मई की शाम दोनों परिवार अपने-अपने घरों में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। भवतोष ठाकुर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घरों का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

स्थानीय लोगों ने जब देर शाम दोनों घरों का मुख्य ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर जब परिवार के सदस्य पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। अलमारियां टूटी हुई थी, कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले।

भवतोष ठाकुर के घर से करीब 11 लाख की चोरी हुई है। जबकि पड़ोसी जयप्रकाश राम का परिवार अभी प्रदेश से बाहर है। उनके लौटने के बाद ही चोरी का सही आकलन हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही केवटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही FSL टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष सदन राम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाद में कमतौल इंस्पेक्टर भी पहुंचे।

अब बड़ा सवाल यह है कि यह चोरी सम्राट चौधरी के दावों को चुनौती देने के सुनियोजित थी या भाजपा प्रतिनिधि का त्रिस्तरीय कनेक्शन महज संयोग था! घटना का भाजपा प्रतिनिधियों से कनेक्शन सुनियोजित हो या संयोग, पर इस तरह की घटना कहीं न कहीं सरकार और पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न तो जरूर बन गया है।

