
जलजमाव की समस्या को लेकर फूटा आक्रोश, बीडीओ के आश्वासन पर स्थगित हुआ आंदोलन।
दरभंगा: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कबीरचक के भेलूचक और सदर प्रखंड कार्यालय परिसर के आसपास वर्षों से जलजमाव की गंभीर समस्या झेल रहे लोगी का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने एकदिवसीय सांकेतिक आंदोलन किया।। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मोहल्लावासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर प्रशासन के रवैये के प्रति अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सामान्य दिनों के साथ-साथ बरसात के मौसम में यहां की स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है. सड़कों पर घुटनों तक जलभराव हो जाने के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।

लोगों का कहना था कि इस जलजमाव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से इस विकट समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस या स्थायी व्यवस्था नहीं किया जा सका है।

आंदोलन और भारी आक्रोश की सूचना मिलते ही सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि रंजन तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता की। बीडीओ ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपने एकदिवसीय आंदोलन को स्थगित कर दिया, साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो और ज्यादा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

