
कमला नदी में मिला तीन दिन पुराना शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।
दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास कमला नदी में बुधवार को करीब तीन दिन पुराना शव उपलाता मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के मनोर भौराम गांव निवासी राजाराम यादव के 22 वर्षीय पुत्र विक्रम यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार विक्रम पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। वह मानसिक रूप से कमजोर था और अक्सर आसपास के गांवों में घूमता रहता था। हालांकि, सामान्य तौर पर वह शाम या रात तक घर वापस लौट आता था। तीन दिनों से घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी रिश्तेदारी और आसपास के गांवों में तलाश कर रहे थे। परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। उन्हें उम्मीद थी कि वह खुद ही वापस लौट आएगा।
ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि बुधवार को किसी व्यक्ति ने कमला नदी में शव उपलाते हुए देखा और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर डाल दी। तस्वीर देखने के बाद विक्रम के परिजनों को आशंका हुई कि नदी में मिला शव उनके बेटे का हो सकता है। इसके बाद परिजन सिमरा गांव के पास कमला नदी किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान विक्रम के रूप में की।
मृतक के बड़े भाई बलराम यादव ने बताया कि विक्रम अक्सर गांव और आसपास के इलाकों में घूमता रहता था। पूजा-पाठ और भोज आदि कार्यक्रमों में भी चला जाता था और बाद में खुद घर लौट आता था। लेकिन पिछले तीन दिनों से उसके वापस नहीं लौटने के कारण परिवार के लोग परेशान थे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल उनके घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
विक्रम के बड़े भाई बलराम यादव ने अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार विक्रम दो भाई और एक बहन में था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था। प्रथम दृष्टया यह भी संभव है कि वह किसी कारण से नदी के पास पहुंचा हो और डूबने से उसकी मौत हुई हो। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

