Home Featured भू-अर्जन में तेजी लाने को डीएम सख्त, रैयतों के मुआवजे का भुगतान जल्द करने का निर्देश
Featured - मुख्य - 22 hours ago

भू-अर्जन में तेजी लाने को डीएम सख्त, रैयतों के मुआवजे का भुगतान जल्द करने का निर्देश

दरभंगा: जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्य को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है। गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने भू-अर्जन की प्रगति से लेकर रैयतों के मुआवजा भुगतान तक की स्थिति की समीक्षा की।

Advertisement

बैठक में परियोजनावार भू-अर्जन की स्थिति, लंबित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि भू-अर्जन से जुड़ी प्रक्रियाओं में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का तेजी से निपटारा करें।

डीएम ने खास तौर पर मुआवजा भुगतान की स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि जिन रैयतों को मुआवजा दिया जाना है, उन्हें उपलब्ध राशि के आधार पर नियमानुसार जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी अधियाची विभागों को परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से संबंधित जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि किसी स्तर पर आने वाली समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा न आए।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) सलीम अख्तर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद थे।

Share