Home Featured लालबाग में नाले में गिरा टोटो, चार यात्री घायल; एक की हालत गंभीर

लालबाग में नाले में गिरा टोटो, चार यात्री घायल; एक की हालत गंभीर

दरभंगा: शहर के लालबाग पोस्ट ऑफिस के पास रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब यात्रियों से भरा एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। हादसे में टोटो पर सवार चार यात्री घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्टेशन जाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जाता है कि टोटो पर सवार सभी यात्री दरभंगा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे वाहन को साइड देने के प्रयास में टोटो सड़क के किनारे अधिक चला गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टोटो सीधे नाले में जा गिरा।

Advertisement

टोटो के नाले में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और नाले में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

दिल्ली जाने के लिए निकले थे रमेश

घायल यात्री रमेश कुमार ने बताया कि वह अपने घर से दरभंगा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें ट्रेन से दिल्ली जाना था। रमेश के अनुसार, यात्रा के दौरान वह फोन पर बात कर रहे थे, तभी अचानक टोटो अनियंत्रित हुआ और नाले में जा गिरा। हादसे में उन्हें भी चोट लगी।

घटना के कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने प्रयास कर टोटो को भी नाले के पानी से बाहर निकाल लिया।

टोटो की संख्या और ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख सड़कों पर टोटो की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

कुछ लोगों ने टोटो चालकों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने, नशे की हालत में वाहन चलाने और निर्धारित उम्र पूरी नहीं होने के बावजूद टोटो चलाने जैसे आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और यातायात थाना पुलिस से टोटो चालकों की नियमित जांच कराने, वाहनों की फिटनेस और चालकों के दस्तावेजों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share