
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि।
दरभंगा: देश और समाज की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को पुलिस केंद्र, लहेरियासराय में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुलिस के वरीय अधिकारियों ने शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र मनोज कुमार तिवारी, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत में अधिकारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। इसके बाद पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
मौके पर अधिकारियों ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का योगदान अतुलनीय है।
उन्होंने कहा कि पुलिस शहीदों का बलिदान पूरी पुलिस बिरादरी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी वीरता और समर्पण पुलिस बल को जनसेवा, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। शहीदों के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

