
ट्रक खलासी को चाकू मारकर 50 हजार रुपये छीन फरार हुआ टोटो चालक
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमी चौराहे के समीप मंगलवार को विवाद के दौरान एक टोटो चालक ने ट्रक के खलासी को चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद वह खलासी के पास मौजूद 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल खलासी को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
घायल की पहचान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के बदन टोला निवासी कमलेश राय के पुत्र दारोगा राय (19) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में खलासी का उपचार करा रहे विकास कुमार ने बताया कि चार ट्रक बालू लेकर एकमी चौराहे पहुंचे थे। बालू अनलोड करने के बाद तीन ट्रक वापस लौट गए। इसी दौरान चौथा ट्रक जब वहां से निकलने लगा तो अचानक सामने एक टोटो आ गया। ट्रक चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन इसके बावजूद ट्रक टोटो से सट गया।
इसी बात को लेकर टोटो चालक आक्रोशित हो गया और हंगामा करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान टोटो चालक ने ट्रक के खलासी दारोगा राय के पेट में चाकू से वार कर दिया। इसके बाद खलासी के पास रखे 50 हजार रुपये छीनकर मौके से फरार हो गया।
विकास कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी ट्रक मालिक को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

