
लोडेड पिस्टल के साथ अपराध की साजिश रचते दो गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले में हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस के इंटेलिजेंस नेटवर्क पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। इसी की भरपाई का उदाहरण सोमवार को केवटी थाना की पुलिस ने प्रस्तुत किया है। पुलिस ने अपराध की साजिश रचते दो युवकों को एक लोडेड पिस्टल और अपाची बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार केवटी थाना पुलिस ने दोनों को कदमटोली मंदिर के समीप एक गाछी (बगीचे) में छापेमारी कर अपराध की योजना बनाते गिरफ्तार किया। इस गुप्त सूचना आधारित त्वरित कार्रवाई का नेतृत्व केवटी के थानाध्यक्ष सदन राम स्वयं कर रहे थे।

मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सदन राम ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि कदमटोली गांव के पास गाछी में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दो युवकों को जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान केवटी थाना क्षेत्र के कयामचक निवासी विकास कुमार यादव और मझिगामा गांव निवासी सुनील कुमार यादव के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल होने वाली अपाचे बाइक जब्त की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार विकास कुमार यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है.वहीं दूसरा आरोपी सुनील कुमार यादव हाल ही में कमतौल क्षेत्र के एक शादी समारोह में सरेआम पिस्टल लहराने के मामले में भी संलिप्त था। पुलिस दोनों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

