Home Featured 212 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार, कमतौल में 533 लीटर विदेशी शराब बरामद।

212 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार, कमतौल में 533 लीटर विदेशी शराब बरामद।

दरभंगा: जिले में शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 745.860 लीटर शराब बरामद की। मनीगाछी थाना क्षेत्र में 212.7 लीटर शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कमतौल थाना क्षेत्र में 533.160 लीटर विदेशी शराब लावारिस हालत में बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

बुढ़िया गाछी से 212.7 लीटर शराब बरामद: मनीगाछी के चनौर गांव स्थित बुढ़िया गाछी में शराब की खेप पहुंचने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचते ही कारोबारी भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर गाछी से तीन प्लास्टिक के बोरे में रखी 300 एमएल की बोतलों में शराब बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भंडारिसम पंचायत के जलेगर गांव निवासी विजय यादव के पुत्र बरूण यादव और रामबाबू यादव के पुत्र अमरेश यादव के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कमतौल में 533 लीटर विदेशी शराब बरामद: दूसरी कार्रवाई कमतौल थाना क्षेत्र के छोटकी लाधा गांव में हुई। मद्य निषेध टीम के प्रभारी राज किशोर सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर रेल गुमटी से आगे कच्चे रास्ते के किनारे छापेमारी की। इस दौरान लावारिस हालत में रखी 533.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

एएलटीएफ प्रभारी राज किशोर सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि पिकअप वाहन से शराब की खेप उतारी गई थी। पुलिस के गांव पहुंचने की भनक लगते ही संबंधित कारोबारी पिकअप वाहन लेकर फरार हो गया। मामले में अज्ञात कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 745.860 लीटर शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।

Share