Home Featured पप्पू हत्याकांड में दो दोषी, 14 अक्टूबर को सजा होगी तय

पप्पू हत्याकांड में दो दोषी, 14 अक्टूबर को सजा होगी तय

दरभंगा: सिविल कोर्ट, दरभंगा के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश उपेंद्र कुमार की अदालत ने हत्या के मामले में दो अभियुक्तों को दोषी करार दिया है। अदालत ने सोमवार को सकतपुर थाना कांड संख्या 32/22 से संबंधित सत्रवाद संख्या 611/22 की सुनवाई पूरी करते हुए उजान गढ़टोल निवासी दीपक कमती और गंगा कमती को भादवि की धारा 302/34 के तहत दोषी ठहराया।
लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा ने बताया कि 12 मई 2022 की सुबह करीब तीन बजे दोनों अभियुक्तों ने उजान गढ़टोल निवासी प्रभु कमती के 32 वर्षीय पुत्र पप्पू कमती के घर के आंगन में घुसकर छुरा मारकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पिता प्रभु कमती ने सकतपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले में पुलिस की ओर से आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद 23 दिसंबर 2022 को दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप गठन किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आईओ और चिकित्सक समेत कुल 10 गवाहों की गवाही कराई गई। उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने दोनों को हत्या के मामले में दोषी करार दिया।
दोषसिद्ध दोनों अभियुक्त घटना के समय से ही न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत ने सजा की अवधि के निर्धारण के बिंदु पर सुनवाई एवं निर्णय के लिए 14 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की है। अब दोनों दोषियों को मिलने वाली सजा पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Share