
पुल के नीचे प्लास्टिक में लिपटा मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका से सनसनी।
दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के रसियारी पुल के नीचे शनिवार को कमला नदी में प्लास्टिक में लिपटा एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पुल के पिलर के पास पानी में फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नाव की मदद से नदी में जाकर शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया। मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। काफी समय तक पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह डीकंपोज्ड हो चुका है, जिससे उसकी पहचान में पुलिस को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसके हाथ-पैर बांधे गए थे। इसके बाद शव को साड़ी में लपेटकर ऊपर से प्लास्टिक से बांधा गया था। इसी आधार पर स्थानीय लोगों ने हत्या के बाद शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव काफी पुराना है और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर फूल गया है। प्रथम दृष्टया शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत के कारण के संबंध में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।

