Home Featured ट्रांसफार्मर खराब, बिजली के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण; धरौरा-सकरी मुख्य पथ किया जाम।
Featured - मुख्य - 37 seconds ago

ट्रांसफार्मर खराब, बिजली के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण; धरौरा-सकरी मुख्य पथ किया जाम।

दरभंगा: जिले के बेनीपुर प्रखंड के हाबीभौआर गांव में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने धरौरा-सकरी मुख्य पथ को जाम कर जोरदार विरोध जताया। सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना था कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा था। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब बिजली बिल की वसूली समय पर की जाती है, तो खराब ट्रांसफार्मर बदलने में इतनी देरी क्यों?

Advertisement

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच बिजली विभाग के जेई भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के तेवर को देखते हुए जेई ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।

बिजली विभाग के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद धरौरा-सकरी मुख्य पथ पर यातायात सामान्य हो सका।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Advertisement
Share