
हथियार का वीडियो वायरल, शराब के धंधे का खुलासा; कट्टा और 49.755 लीटर शराब बरामद।
दरभंगा: सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के सनहपुर में हथियार के साथ बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सनहपुर स्थित एक गाछी में बने मचान से एक देशी कट्टा, 49.755 लीटर विदेशी शराब, तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने शराब की आपूर्ति में इस्तेमाल की जा रही एक स्वीफ्ट डिजायर कार और मोबाइल भी जब्त किया है। मामले में दो अन्य आरोपित फरार बताए गए हैं।

एफआईआर के अनुसार, पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला था, जिसमें एक चार पहिया वाहन में तीन युवक बैठे दिखाई दे रहे थे और गियर के पास एक पिस्टल रखा था। स्थानीय लोगों और गुप्त सूचना के आधार पर वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने 5 अक्टूबर को सनहपुर स्थित मंत्रीजी की गाछी में छापेमारी की। वहां मचान पर सो रहे तीन युवकों को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान मचान से एक देशी कट्टा, शराब और नशा करने का सामान बरामद हुआ। गाछी में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई शराब भी मिली। एफआईआर में कुल 49.755 लीटर विदेशी शराब बरामद होने का उल्लेख है।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपितों ने शराब की खरीद-बिक्री और हथियार वाले वीडियो से संबंधित जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने भरवाड़ा बाजार स्थित मनीष कुमार यादव के घर पर छापेमारी कर स्वीफ्ट डिजायर कार बरामद की। एफआईआर में उल्लेख है कि इसी कार में हथियार के साथ वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के लखनपुर में भी छापेमारी की। एफआईआर के अनुसार, वहां से प्रवीन कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पूछताछ में हथियार को तालाब में फेंके जाने की जानकारी मिली, हालांकि तलाशी के बावजूद हथियार बरामद नहीं हो सका।
पुलिस ने मामले में योगेश कुमार उर्फ लड्डू, रोहित कुमार, मनीष कुमार यादव, एक विधि-विरुद्ध किशोर और प्रवीन कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया है। वहीं बबन कुमार और गुरुदेव भगत को फरार बताया गया है। सभी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

