Home Featured दरभंगा को किसकी लगी नजर! सात दिनों में 10 लाशों से सहमा जिला!

दरभंगा को किसकी लगी नजर! सात दिनों में 10 लाशों से सहमा जिला!

दरभंगा: जिले में सात दिनों के भीतर मौत और शव बरामदगी की 10 घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 13 से 19 नवंबर के बीच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में कहीं विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई तो कहीं लापता युवकों के शव बरामद किए गए। रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ी में अज्ञात महिला की लाश मिली तो नाले में दो दिनों से लापता युवक का शव पाया गया। एक युवक की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी पहुंची पुलिस ने चिता की आग बुझवाकर अधजला शव बाहर निकलवाया।

कुछ मामलों में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया तो कुछ की मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जिले में आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है और संदिग्ध घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की रणनीति कितनी प्रभावी है?

19 नवंबर : अंतिम संस्कार के दौरान पहुंची पुलिस, चिता से निकलवाया अधजला शव

बहेड़ी थाना क्षेत्र के कमलपुर घाट नवटोलिया में 27 वर्षीय महेश यादव की मौत के बाद परिजन कमला नदी किनारे अंतिम संस्कार कर रहे थे। इसी दौरान मृतक के ससुराल पक्ष की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही अंतिम संस्कार में शामिल परिजन जलती चिता पर शव छोड़कर फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस ने चिता की आग बुझवाकर अधजले शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव के पुत्र महेश यादव के रूप में हुई है।

मृतक के ससुर रामवृक्ष यादव ने आरोप लगाया कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे महेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पत्नी आशा देवी पिछले दो महीने से मायके में रह रही थी। दंपती की नौ माह की एक बच्ची भी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।

19 नवंबर : नाले में मिला दो दिनों से लापता नजरे आलम का शव

नगर थाना क्षेत्र के लालबाग जटीहाई वार्ड संख्या-20 निवासी 32 वर्षीय नजरे आलम का शव गुरुवार की सुबह प्लस टू मारवाड़ी हाई स्कूल जाने वाले रास्ते में नाले से बरामद किया गया। वह दो दिनों से लापता था। परिजनों ने नगर थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया था। शव मिलने के दौरान उसके हाथ में मिर्च पाउडर का एक छोटा पैकेट भी था।

वार्ड संख्या-10 के पार्षद प्रतिनिधि डॉ. जमाल हसन ने ढाई फीट गहरे नाले में शव मिलने पर सवाल उठाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की। नजरे आलम शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना वाले दिन ही घर में उसकी भतीजी की शादी होनी थी। शव मिलने की खबर से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

18 नवंबर : विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

मनीगाछी थाना क्षेत्र के राजे लीलाबाबू टोल में 22 वर्षीय विवाहिता गुंजा देवी की बुधवार की सुबह करीब सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति राम अवतार यादव और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा गले में गमछा लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका के नाना रामविलास यादव के अनुसार, गुंजा की शादी करीब ढाई वर्ष पहले हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

18 नवंबर : बापू नगर में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बापू नगर कॉलोनी में करीब 50 वर्षीय अज्ञात महिला का शव झोपड़ीनुमा मकान के पास मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पहचान के लिए शव को पोस्टमार्टम गृह में 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है।

18 नवंबर : मोबाइल दुकानदार का पेड़ से लटका मिला शव

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पाली में मोबाइल दुकान संचालक संतोष कुमार साहू का शव आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

18 नवंबर : छठ घाट पर दो युवकों की डूबने से मौत

छठ पर्व के दौरान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अस्थुआ गांव स्थित छतरिया पोखर में 35 वर्षीय माधव दास की डूबने से मौत हो गई। वह अपनी पत्नी दुखनी देवी के साथ छठ घाट पर पहुंचे थे। संध्या अर्घ्य के दौरान स्नान करने के लिए पोखर में उतरे माधव गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के लिए कई लोग पानी में उतरे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इसी दौरान सिमरी थाना क्षेत्र के चंद्रसार पोखर में 35 वर्षीय सत्य नारायण सदा की भी डूबने से मौत हो गई। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। दोनों घटनाओं के बाद छठ घाटों पर अफरातफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा।

17 नवंबर : शादी से पहले युवक का पेड़ से लटका मिला शव, हत्या का आरोप

रैयाम थाना क्षेत्र के नया गांव स्थित औंसी मार्ग पर मंगलवार की सुबह 22 वर्षीय रौशन यादव का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक देवनारायण यादव का पुत्र था और उसकी शादी आगामी 14 दिसंबर को होने वाली थी। बताया जाता है कि सोमवार की शाम वह रजौड़ा स्थित सूर्य पूजा मेला देखने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसका शव पेड़ से लटका मिला।

परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने की बात कह रही है।

16 नवंबर : सात दिनों से लापता युवक का नदी में मिला शव

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के करमगंज निवासी 30 वर्षीय विष्णु भारती का शव सोमवार को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बरहेता पुल के पास नदी में जलकुंभी के बीच मिला। वह 10 नवंबर से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद नगर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। सात दिनों बाद शव मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाका छह के पास टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर कई थानों की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं पर जांच का भरोसा दिया।

16 नवंबर : रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ी में मिली अज्ञात महिला की लाश

दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड में जाले थाना क्षेत्र के खेसर और चंदौना रेलवे गुमटी के बीच सोमवार की सुबह झाड़ी में करीब 26 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। महिला ने लाल रंग का सूट-सलवार पहन रखा था। सुबह करीब सात बजे रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद जाले थाना पुलिस को सूचना दी गई। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

लगातार घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

एक सप्ताह के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आई इन 10 मौतों ने पुलिस की गश्ती, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर लापता लोगों के शव मिलने, युवकों के पेड़ से लटके पाए जाने, अज्ञात महिलाओं के शव बरामद होने और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने चिंता बढ़ाई है।

कई मामलों में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कुछ घटनाओं में आक्रोशित लोगों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। बहेड़ी में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस का पहुंचना और चिता से अधजला शव निकलवाना भी कई सवाल खड़े करता है।

सवाल यह भी है कि लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस की ओर से कितनी तत्परता दिखाई जा रही है और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामलों की जांच कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है।

हालांकि, इन सभी घटनाओं को हत्या से जोड़ना उचित नहीं होगा। दो युवकों की मौत डूबने से हुई है, जबकि अन्य मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने इन घटनाओं का निष्पक्ष खुलासा करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और आम लोगों का भरोसा कायम रखने की बड़ी चुनौती है।

Share