Home Featured क्या इस बार दूर होगी पानी की समस्या? मंत्री ने की जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा!
Featured - मुख्य - 5 days ago

क्या इस बार दूर होगी पानी की समस्या? मंत्री ने की जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा!

दरभंगा: जिले में हर घर तक नल का जल पहुंचाने के सरकारी दावों के बीच लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक में अब भी कई टोलों के जलापूर्ति से वंचित होने की बात सामने आई। जिला अतिथि गृह में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेयजलापूर्ति की स्थिति, छूटे हुए टोलों और लंबित योजनाओं की समीक्षा की गई।

Advertisement

बैठक में मंत्री मदन सहनी ने विभागीय अभियंताओं को जलापूर्ति से वंचित टोलों में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा कर पानी की आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने भी संबंधित अधिकारियों को ऐसे टोलों का सर्वे कराने, जरूरत के अनुसार प्राक्कलन तैयार करने और शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा।

समीक्षा के दौरान जिले के कुछ ऐसे वार्ड भी चिन्हित किए गए, जहां वर्तमान में पेयजल की समस्या अधिक है। इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया। सवाल यह है कि जब योजनाओं की लगातार समीक्षा हो रही है, तो जलापूर्ति से छूटे टोले अब तक विभाग की नजर में क्यों नहीं आ सके?

मंत्री ने मरम्मति एवं सम्पोषण से जुड़े लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। तकनीकी अथवा अन्य कारणों से जहां जलापूर्ति बाधित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ योजनाओं के स्थल परिवर्तन के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। मंत्री ने विभागीय स्तर पर आवश्यक अनुमोदन कराने का आश्वासन दिया। यानी कहीं योजना बनी, कहीं स्थल बदला और कहीं पानी पहुंचने का इंतजार जारी है।

सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठकों में अक्सर लक्ष्य और उपलब्धियों के आंकड़े सामने आते हैं, लेकिन इस बैठक में छूटे हुए टोलों और जलापूर्ति से वंचित वार्डों की चर्चा यह बताने के लिए पर्याप्त रही कि कागज पर चल रही योजनाओं और जमीन पर मिल रहे पानी के बीच अभी भी दूरी बनी हुई है। अब देखना होगा कि बैठक में दिए गए निर्देश कब तक वास्तविक जलापूर्ति में बदलते हैं।

मंत्री और जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को नियमित स्थल भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से करने को कहा गया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share