Home Featured मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डीएमसीएच में किया हंगामा

मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डीएमसीएच में किया हंगामा

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के राजो गांव निवासी 63 वर्षीय छोटकन देवी की इलाज के दौरान रविवार सुबह दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में मौत हो जाने पर परिजन भड़क उठे और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की जा रही है और इसी लापरवाही के कारण उनकी मौत हुई है। उन्होंने पोस्टमार्टम कराए जाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

परिजनों ने बताया कि मृतका स्वर्गीय रामवृक्ष सहनी की पत्नी थी। मृतका के पुत्र जयराम सहनी ने पड़ोसी दीपक सहनी व उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप के अनुसार छह जून की शाम छोटकन देवी घर के आंगन में बैठी थीं, तब पड़ोसी दीपक सहनी अपने निर्माणाधीन मकान की दीवार पर पानी डाल रहा था। पानी के छींटे छोटकन देवी पर पड़ने पर विरोध करने पर दीपक सहनी, पप्पू सहनी, अनीता देवी और कबूतरी देवी समेत अन्य ने उन्हें पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आठ दिनों तक इलाज के बाद रविवार सुबह मौत हो गई। जयराम ने बताया कि आरोपियों ने घटना के बाद घर छोड़कर फरार है।

Advertisement

मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराए जाने तथा पुलिस जांच की मांग लेकर डीएमसीएच के मेडिसिन वार्ड में हंगामा करते रहे, जिससे कुछ देर के लिए वार्ड का माहौल उग्र रहा। अस्पताल कर्मियों ने परिजनों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जानकारी देकर शांत कराया, जिसके बाद परिजन बेंता थाना पुलिस से मिलने चले गए। करीब साढ़े चार घंटे तक छोटकन देवी का शव मेडिसिन वार्ड के बिस्तर पर पड़ा रहा।

बेंता थाना ने बताया कि परिजनों के फर्द बयान के आधार पर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने प्राथमिक तौर पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share