Home Featured नल-जल योजना ठप रहने से महिलाओं का सड़क जाम, रिश्वत मांगने का लगाया आरोप।
Featured - मुख्य - 3 weeks ago

नल-जल योजना ठप रहने से महिलाओं का सड़क जाम, रिश्वत मांगने का लगाया आरोप।

देखिए वीडियो भी 👆

दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र की बसतपुर पंचायत अंतर्गत कोकट गांव में नल-जल योजना से पेयजल आपूर्ति बंद रहने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बताया कि उनके घरों में नल तो लगे हैं, लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से पानी की आपूर्ति बंद है। इससे उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि उन्होंने कई बार स्वयं पाइपलाइन की खुदाई कर जलापूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनका आरोप था कि समस्या के समाधान के लिए पंचायत की मुखिया कुमारी नीलम एवं संबंधित वार्ड सदस्य से कई बार शिकायत की गई, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

Advertisement

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी वे पंचायत प्रतिनिधियों से नल-जल योजना चालू कराने की मांग करती हैं, तो उनसे रिश्वत की मांग की जाती है। हालांकि, इस आरोप पर संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Advertisement

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कोकट को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली मुख्य सड़क को घंटों जाम रखा, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पतोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

Share