
महिला विकास से सामाजिक सुरक्षा तक, जीविका ने तय की अगले साल की कार्ययोजना।
दरभंगा: बिहार सरकार की जीविका परियोजना द्वारा संपोषित एकत जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, कुशोथर की वार्षिक आमसभा 2025-26 का आयोजन शनिवार को समिति कार्यालय परिसर, पुरखों पट्टी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्ष ममता देवी, निदेशक मंडल एवं जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि संकुल संघ से जुड़े पांच पंचायतों के 44 ग्राम संगठनों को वित्त पोषित किया जा रहा है। महिलाओं के प्रशिक्षण, आर्थिक एवं सामाजिक विकास, स्वास्थ्य-पोषण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कर्जमुक्ति की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि परियोजना से संबंधित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर लागू किया जा सके।
आमसभा में समिति की सचिव कविता देवी ने वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन एवं आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष सपना देवी ने समिति का वार्षिक अंकेक्षण प्रतिवेदन, आय-व्यय का विवरण तथा आगामी बजट प्रस्तुत किया। आमसभा ने इसे भी अनुमोदित कर दिया।
कार्यक्रम में जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक सुकेश मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में जीविका की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बहादुरपुर प्रखंड में भी जीविका के माध्यम से लगातार बेहतर कार्य किए जा रहे हैं।
बीसीओ नीरज कुमार ने कहा कि समिति सहकारिता के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति भविष्य में भी इसी तरह प्रगति करती रहेगी।
इस अवसर पर डीपीसीयू जीविका दरभंगा के टीओ अमित कुमार सिंह, सीएफ मैनेजर ब्रजकिशोर कुमार गुप्ता तथा बीपीआईयू जीविका बहादुरपुर के एसी, सीसी एवं लेखापाल सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समुदाय आधारित संगठनों एवं कर्मियों को निदेशक मंडल की ओर से सम्मानित किया गया।

