Home Featured करंट लगने से युवक की मौत, एक झुलसा।

करंट लगने से युवक की मौत, एक झुलसा।

दरभंगा: महनौली गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि शव उठाने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे व्यक्ति का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में चल रहा है। घटना को लेकर विद्युत विभाग की कथित लापरवाही की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

Advertisement

इस संबंध में जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने का अनुरोध किया गया है। आवेदन के अनुसार, महनौली निवासी शिवम सहनी, पिता बुलन सहनी, की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हुई। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।

Advertisement

आवेदन में बताया गया है कि घटना के बाद जब शव को उठाने के लिए एक अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे तो वह भी विद्युत करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सड़क किनारे बिना अनुमति रेलिंग तोड़कर मिट्टी सड़क पर गिराए जाने से विद्युत व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। ऐसे में विद्युत विभाग के पदाधिकारी या कर्मियों की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भी जांच कराने की मांग की गई है।

Advertisement

आवेदक ने संबंधित विद्युत विभाग के जेई समेत जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की जांच, दोषी पाए जाने पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की है। साथ ही झुलसे व्यक्ति के समुचित एवं निःशुल्क इलाज की व्यवस्था कराने का भी अनुरोध किया गया है।

इसके अलावा सड़क किनारे बिना अनुमति रेलिंग तोड़कर मिट्टी गिराने वाले व्यक्ति अथवा एजेंसी की पहचान कर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में विद्युत तार, पोल और अन्य विद्युत संरचनाओं की सुरक्षा जांच कराने की मांग की गई है।

आवेदन में कहा गया है कि शिवम की असमय मौत से परिवार ने अपना इकलौता सहारा खो दिया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिलाने की मांग की गई है।

Share