
युवक की चाकू मारकर हत्या, दो घायल; एक आरोपी गिरफ्तार।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के मनिहास गांव में बस्तवाड़ा के हमलावरों ने एक युवक की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मृतक जहांगीर आलम (27) पेशे से टेलर मास्टर थे और नौ माह पूर्व ही उनकी शादी हुई थी। मृतक के चचेरे भाई मुस्ताक ने बताया कि बस्तवाड़ा गांव से करीब दस की संख्या में हथियारबंद हमलावर (हॉकी स्टिक, डंडे, बांस और चाकू लैस) जहांगीर के घर पहुंचे। विरोध पर हमलावरों ने जहांगीर पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। बचाव में आगे आए भाई फरमूद आलम और चचेरा भाई दस्तगीर आलम को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मां कौशर खातून को धक्का देकर गिरा दिया गया।

स्थानीयों की मदद से घायलों को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संग्रहित किए।
पुलिस ने बस्तवाड़ा निवासी मो. आदिल को गिरफ्तार किया है, जो नशे का आदी बताया जा रहा है। मुस्ताक के अनुसार, आदिल पहले से जहांगीर को प्रताड़ित करता था। इसी शिकायत पर जहांगीर उसके मोहल्ले गया था, जिससे नाराज होकर उसने हमला किया। परिवार ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि हत्या का कारण स्पष्ट नहीं, लेकिन आरोपी से पूछताछ में खुलासा होने की उम्मीद है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

