
दो पत्नियों के अलग होने के बाद तनाव में था युवक, बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव
दरभंग: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटासा-डीह-टोला में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान स्वर्गीय सीताराम चौपाल के 32 वर्षीय पुत्र विपत चौपाल के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, विपत की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी से उसका एक बच्चा है, जबकि दूसरी पत्नी से कोई संतान नहीं है। पारिवारिक विवाद के कारण दोनों शादियां टूट गई थीं। इसके बाद से विपत तनाव में रहता था। हालांकि, उसकी आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
बताया गया कि बुधवार दोपहर विपत की मां शर्मीला देवी घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर विपत का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला।
विपत छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह अपनी मां के साथ रहता था और गांव में आइसक्रीम बेचने के अलावा मजदूरी करता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बसंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर युवक के कमतौल थाना क्षेत्र की एक महिला से कथित संबंध की चर्चा भी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

