
9.8 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, ढाई लाख की खेप बरामद।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.8 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढढ़िया मोड़ के समीप सुनसान बांसबाड़ी में एक युवक स्मैक की बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने राजपत्रित दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कमतौल गांव निवासी राम लखन महतो के पुत्र भोला कुमार महतो (25) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 11 पुड़िया स्मैक बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सुनसान बांसबाड़ी में बैठकर जरूरतमंद युवकों को स्मैक की पुड़िया बेचता था। उसके इस खुलासे के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि उसे स्मैक की आपूर्ति कहां से होती थी तथा इस कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस निरीक्षक सह कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही स्मैक के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए छानबीन जारी है।

