Home Featured अवैध पिस्तौल व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार।

अवैध पिस्तौल व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार।

दरभंगा: बिरौल अनुमंडल के पोखराम गांव में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से देशी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी ने अपनी पहचान रणधीर आचार्य के रूप में बताई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रणधीर आचार्य हथियार के साथ देखा गया है। सूचना पर सनहा दर्ज कर थाने से टीम गठित की गई। टीम ने गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान आम के बगीचे में एक संदिग्ध युवक पुलिस को देख भागने लगा, लेकिन खदेड़कर उसे पकड़ लिया गया।

Advertisement
Advertisement

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रणधीर आचार्य बताया। तलाशी में उसके बाएं कमर से 16 अंगुल लंबी देशी पिस्तौल व 7.62 एमएम के दो कारतूस बरामद हुए। हथियार के लाइसेंस या वैध कागजात मांगने पर आरोपी कुछ नहीं दिखा सका।

वीडियोग्राफी के बीच हथियार व कारतूस जब्त कर लिए गए। मौके पर गवाह न होने से छापेमारी दल के गृहरक्षक सिपाहियों को साक्षी बनाया गया। आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणि ने बताया कि आरोपी के आवेदन पर मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने व तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Share