
लोडेड देशी पिस्टल व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को लोडेड देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं, युवक का एक साथी पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात डायल-112 गश्ती दल को सूचना मिली थी कि जहांगीर टोला (पशु टोल) स्थित कीर्ति जनरल एंड किराना स्टोर्स के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 शुभेंद्र कुमार सुमन एवं पुलिस निरीक्षक रामेश्वर साफी के मार्गदर्शन में एएसआई ललन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस वाहन को आते देख मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान जाले थाना क्षेत्र के मुरैठा गांव वार्ड-18 निवासी सुनील कुमार ठाकुर के पुत्र सोनू कुमार के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान सोनू की पैंट की दाहिनी जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस लोड था। पूछताछ में सोनू ने पुलिस को बताया कि बरामद पिस्टल गांव के ही संजय कुमार शर्मा के पुत्र कुमार गोविंद उर्फ गोविंद शर्मा की है। उसका आरोप है कि पुलिस को आता देख गोविंद ने पिस्टल उसकी जेब में डाल दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि सोनू के बयान और निशानदेही के आधार पर फरार गोविंद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार युवक के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मंगलवार को सोनू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

